कुशीनगर, 05 जून (आरएनएस)। जनपद के हाटा विकास खण्ड के एएनवीडी सीनियर सेकेंडरी स्कूल मोती पाकड़ में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम नमामि गंगे जिला गंगा समिति कुशीनगर एवं सामाजिक वानिकी प्रभाग हाटा रेंज के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक मोहन वर्मा द्वारा वृक्षारोपण कर किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक मोहन वर्मा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। प्रत्येक नागरिक को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प लेना चाहिए। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष जगदंबा सिंह ने वृक्षों को जीवन का आधार बताते हुए कहा कि पेड़ न केवल पर्यावरण संतुलन बनाए रखते हैं, बल्कि आने वाली पीढिय़ों के सुरक्षित भविष्य की मजबूत नींव भी हैं। विद्यालय प्रबंधक संपूर्णानंद ने कहा कि विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण की चेतना विकसित करना शिक्षा का महत्वपूर्ण उद्देश्य है, ऐसे आयोजन उनमें सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को सशक्त करते हैं। भाजपा जिला मंत्री ज्ञान विक्रम सिंह ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान को समाज को प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनाने की एक प्रभावी पहल बताया।
क्षेत्रीय वनाधिकारी अमृता चंद ने कहा कि वृक्षारोपण तभी सार्थक होगा जब लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण सुनिश्चित किया जाए। जिला परियोजना अधिकारी (नमामि गंगे) नम्रता भट्ट ने कहा कि स्वच्छ पर्यावरण और जल संरक्षण एक-दूसरे के पूरक हैं तथा जनभागीदारी से ही ऐसे अभियानों को वास्तविक सफलता मिलती है। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं प्रकृति संवर्धन पर आधारित आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां एवं जागरूकता कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए, जिन्हें उपस्थित जनसमूह ने सराहा। कार्यक्रम के
अंत में सभी उपस्थित लोगों ने अधिक से अधिक पौधारोपण करने तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया। इस अवसर पर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष जगदंबा सिंह, विद्यालय प्रबंधक संपूर्णानंद, भाजपा जिला मंत्री ज्ञान विक्रम सिंह, क्षेत्रीय वनाधिकारी अमृता चंद, जिला परियोजना अधिकारी (नमामि गंगे) नम्रता भट्ट सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं शिक्षक उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

