—- ग्रामीणों को मिलेगी त्वरित एवं सुलभ डिजिटल सेवाएं।
कुशीनगर, 05 जून (आरएनएस)। आमजन की सुविधाओं को सुदृढ़ एवं सुलभ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के तहत शुक्रवार को पडरौना विकास खंड परिसर में सीएससी ई-गवर्नेंस के माध्यम से नवीन आधार सेवा केंद्र का भव्य उद्घाटन किया गया। इस केंद्र का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी वंदिता श्रीवास्तव द्वारा फीता काटकर विधिवत रूप से किया गया।
मुख्य विकास अधिकारी एवं सीएससी जिला प्रबंधक गौरव पाण्डेय ने उपस्थित नागरिकों एवं अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रत्येक नागरिक तक शासकीय सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ पारदर्शी, सरल एवं समयबद्ध तरीके से पहुँचाना है। उन्होंने कहा कि आधार कार्ड आज प्रत्येक नागरिक की पहचान का मूल दस्तावेज बन चुका है, जिसके माध्यम से अनेक सरकारी एवं गैर-सरकारी सेवाओं का लाभ प्राप्त किया जाता है। ब्लॉक स्तर पर आधार सेवा केंद्र की स्थापना से अब ग्रामीण नागरिकों को आधार बनवाने, संशोधन कराने (नाम, जन्मतिथि, पता, मोबाइल नंबर आदि) अथवा बायोमेट्रिक अपडेट के लिए जिला मुख्यालय या दूरस्थ क्षेत्रों में नहीं जाना पड़ेगा। जनसुविधा के लिए त्वरित एवं पारदर्शी सेवाएं सुनिश्चित करने पर मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं केंद्र संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिया कि केंद्र पर आने वाले प्रत्येक नागरिक को बिना किसी असुविधा के गुणवत्तापूर्ण सेवा उपलब्ध कराई जाए। कार्य पूर्ण पारदर्शिता, समयबद्धता एवं संवेदनशीलता के साथ संपादित किए जाएं, विशेषकर बुजुर्गों, दिव्यांगजनों एवं महिलाओं को प्राथमिकता प्रदान की जाए। उन्होंने केंद्र पर उपलब्ध प्रमुख सेवाएं नवीन आधार पंजीकरण (नि:शुल्क), नाम, पता, जन्मतिथि एवं मोबाइल नंबर में संशोधन/अपडेट, बच्चों का अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट, आधार संबंधी तकनीकी सुधार एवं अन्य सेवाएं उपलब्ध होगी। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित अतिथियों एवं नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी मनीष गुप्ता, सीएससी जिला प्रबंधक गौरव पाण्डेय, स्थानीय जनप्रतिनिधि, सचिन, उत्तम यादव, अरुण कुमार गोंड, अभिषेक सिंह, आदेश, अध्ययन, सुधीर सहित विभिन्न विभागों के प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय गणमान्य नागरिक तथा ग्रामीण उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

