सरगुजा, 05 जून (आरएनएस)। सरगुजा जिले में भाजपा विधायक रामकुमार टोप्पो और नायब तहसीलदार तुषार मानिक के बीच हुए विवाद के मामले में नया मोड़ आ गया है। जिला प्रशासन ने नायब तहसीलदार तुषार मानिक को राजापुर उप तहसील से हटाकर अंबिकापुर कलेक्टर कार्यालय में अटैच कर दिया है। इस संबंध में सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत ने आदेश जारी किया है।
गौरतलब है कि कुछ समय पहले नायब तहसीलदार तुषार मानिक ने सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो और उनके समर्थकों पर मारपीट का आरोप लगाया था। वहीं विधायक पक्ष की ओर से आरोप लगाया गया था कि तुषार मानिक ने उनकी चचेरी बहन के साथ अभद्र व्यवहार किया था। मामले में दोनों पक्षों की शिकायत पर काउंटर एफआईआर दर्ज की गई थी।
इस घटना के बाद प्रदेशभर के तहसीलदार और नायब तहसीलदारों में नाराजगी देखने को मिली थी। विरोध स्वरूप राजस्व अधिकारियों ने हड़ताल शुरू कर दी थी, जिससे कई प्रशासनिक कार्य प्रभावित हुए थे। बाद में राजस्व मंत्री के आश्वासन और मामले में दो नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद हड़ताल समाप्त कर दी गई थी।
अब प्रशासन ने तुषार मानिक को राजापुर उप तहसील से हटाकर जिला कार्यालय अटैच कर दिया है। साथ ही राजापुर उप तहसील का प्रभार अन्य अधिकारी को सौंप दिया गया है।
प्रशासनिक हलकों में इस आदेश को विवाद के बाद की महत्वपूर्ण कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि जिला प्रशासन की ओर से इसे नियमित प्रशासनिक व्यवस्था का हिस्सा बताया गया है।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

