नई दिल्ली ,08 जून ,। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कंपनी ओपनएआई ने अपने लोकप्रिय एआई प्लेटफॉर्म चैटजीपीटी के लिए एक नया सुरक्षा फीचर ‘लॉकडाउन मोडÓ पेश किया है। यह फीचर खासतौर पर उन उपयोगकर्ताओं और संस्थानों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जो संवेदनशील और गोपनीय जानकारी के साथ काम करते हैं। कंपनी का दावा है कि यह मोड डेटा चोरी और प्रॉम्प्ट इंजेक्शन जैसे साइबर हमलों के खतरे को काफी हद तक कम करने में मदद करेगा।
ओपनएआई के अनुसार, एआई सिस्टम्स के बढ़ते उपयोग के साथ प्रॉम्प्ट इंजेक्शन हमले भी तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे हमलों में हैकर्स वेबसाइट, ई-मेल, दस्तावेज या अन्य डिजिटल कंटेंट में छिपे निर्देशों के जरिए एआई मॉडल को भ्रमित करने की कोशिश करते हैं, जिससे गोपनीय जानकारी लीक होने का खतरा पैदा हो जाता है। नया लॉकडाउन मोड इसी जोखिम को कम करने के उद्देश्य से विकसित किया गया है।
क्या है लॉकडाउन मोड?
लॉकडाउन मोड सक्रिय होने पर चैटजीपीटी की इंटरनेट और बाहरी सेवाओं तक पहुंच काफी सीमित हो जाती है। इससे किसी संभावित हमलावर के लिए संवेदनशील डेटा तक पहुंच बनाना मुश्किल हो जाता है। हालांकि ओपनएआई ने स्पष्ट किया है कि यह फीचर प्रॉम्प्ट इंजेक्शन हमलों को पूरी तरह समाप्त नहीं करता, लेकिन डेटा के अनधिकृत ट्रांसफर की संभावना को काफी कम कर देता है।
इन सुविधाओं पर लगेगी रोक
लॉकडाउन मोड ऑन होने के बाद चैटजीपीटी के कई लोकप्रिय फीचर्स सीमित या निष्क्रिय हो जाएंगे। लाइव वेब ब्राउजिंग केवल पहले से कैश किए गए कंटेंट तक सीमित रहेगी, जिससे हर समय ताजा जानकारी उपलब्ध नहीं हो पाएगी। इसके अलावा डीप रिसर्च और एजेंट मोड पूरी तरह बंद हो जाएंगे। कैनवस में तैयार किया गया कोड इंटरनेट एक्सेस नहीं कर सकेगा और बाहरी फाइल डाउनलोड करने की सुविधा भी उपलब्ध नहीं रहेगी।
फाइनेंस और शॉपिंग से जुड़े इंटीग्रेटेड एजेंट फीचर्स भी बंद हो जाएंगे। वहीं सामान्य चैट में इमेज दिखाने और इमेज जनरेशन की सुविधा का उपयोग भी नहीं किया जा सकेगा। हालांकि मेमोरी, फाइल अपलोड, चैट शेयरिंग और मॉडल ट्रेनिंग संबंधी सेटिंग्स पर इसका कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।
ऐसे करें सक्रिय
ओपनएआई ने बताया कि लॉकडाउन मोड को चैटजीपीटी फ्री, गो, प्लस, प्रो और सेल्फ-सर्व बिजनेस अकाउंट्स के लिए चरणबद्ध तरीके से जारी किया जा रहा है। फीचर उपलब्ध होने के बाद उपयोगकर्ता चैटजीपीटी ऐप या वेबसाइट की सेटिंग्स में जाकर सिक्योरिटी सेक्शन खोल सकते हैं। यहां ‘एडवांस्ड सिक्योरिटीÓ विकल्प के अंतर्गत लॉकडाउन मोड दिखाई देगा, जिसे एक क्लिक या टैप के जरिए सक्रिय किया जा सकता है।
कंपनी का कहना है कि यह फीचर सभी उपयोगकर्ताओं के लिए जरूरी नहीं है, लेकिन पत्रकारों, शोधकर्ताओं, कॉर्पोरेट पेशेवरों, सरकारी संस्थानों और संवेदनशील डेटा संभालने वाले संगठनों के लिए यह सुरक्षा की एक महत्वपूर्ण अतिरिक्त परत साबित हो सकता है।
00
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

