नईदिल्ली,08 जून। भारतीय क्रिकेट टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ एकमात्र टेस्ट की पहली पारी में शानदार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतकीय पारी (81) खेली। यह उनके टेस्ट करियर का 19वां और अफगान टीम के खिलाफ पहला ही अर्धशतक रहा, जिसे उन्होंने 70 गेंदों में पूरा किया। वह अपने 9वें शतक से 19 रन दूर थे, तभी हशमतुल्लाह शाहिदी की गेंद पर कैच आउट हो गए। ऐसे में आइए उनकी पारी पर एक नजर डाल लेते हैं।
भारत को पहले बल्लेबाजी करते हुए 247 रन के स्कोर पर केएल राहुल (100) के रूप में तीसरा झटका लगा। उसके बाद बल्लेबाजी पर आए पंत ने शुभमन गिल (100) के साथ 216 गेंदों में 169 रन की साझेदारी निभाई। पंत आक्रामक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं, लेकिन इस पारी में उन्होंने सूझबूझ से बल्लेबाजी की। अजमतुल्लाह उमरजई की गेंद पर वह कैच आउट हुए थे, लेकिन अंपायर ने उन्हें आउट नहीं दिया। अफगानिस्तान ने रिव्यू भी नहीं लिया।
पंत ने 2018 में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट डेब्यू किया था और तब से वह भारतीय टीम के अहम सदस्य हैं। अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट के साथ उन्होंने भारत के लिए 50 टेस्ट मैच खेलने का आंकड़ा भी छू लिया। वह यह उपलब्धि हासिल करने वाले तीसरे भारतीय विकेटकीपर बने हैं। इस सूची में धोनी 90 टेस्ट के साथ पहले और सैयद किरमानी 88 टेस्ट के साथ दूसरे स्थान पर हैं।
पंत ने 50 टेस्ट मैच खेले हैं और इसकी 87 पारियों में 43.91 की शानदार औसत के साथ 3,557 रन बनाने में सफल रहे हैं। उनके बल्ले से 8 शतक और 19 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 159* रन रहा है। इस खिलाड़ी के बल्ले से 378 चौके और 97 छक्के निकले हैं। वह टेस्ट में 100 छक्के लगाने वाले पहले भारतीय बन सकते थे, लेकिन ऐसा नहीं हो पाया। अफगानिस्ताान के खिलाफ पंत का यह पहला टेस्ट है।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

