कोच्चि 09 June (Rns) /- : केरल के बहुचर्चित सीएमआरएल-एक्सालॉजिक (CMRL-Exalogic) वित्तीय लेनदेन मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने अपनी कार्रवाई को तेज करते हुए एक बहुत बड़ा कदम उठाया है। जांच एजेंसी ने केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन की बेटी वीणा विजयन को पूछताछ के लिए आधिकारिक समन जारी किया है। ईडी ने उन्हें आगामी शुक्रवार को कोच्चि स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में पेश होने के कड़े निर्देश दिए हैं। जानकारी के मुताबिक, केंद्रीय एजेंसी ने इस मामले में कुल नौ लोगों को समन भेजा है, जिनमें कोचिन मिनरल्स एंड रुटाइल लिमिटेड (CMRL) के कई उच्च अधिकारी और वीणा की कंपनी से जुड़े लोग शामिल हैं।
क्या है पूरा मामला?
यह पूरा विवाद मुख्यमंत्री की बेटी वीणा विजयन की आईटी कंपनी ‘एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस’ और निजी खनन कंपनी ‘कोचिन मिनरल्स एंड रुटाइल लिमिटेड’ (CMRL) के बीच हुए संदिग्ध वित्तीय लेनदेन से जुड़ा है। आरोप है कि वीणा की कंपनी ने बिना कोई वास्तविक सेवा प्रदान किए सीएमआरएल से बड़ी मात्रा में धन प्राप्त किया। जांच एजेंसियों को संदेह है कि इन ट्रांजैक्शन्स के पीछे वित्तीय अनियमितताएं, टैक्स चोरी और मनी लॉन्ड्रिंग (धन शोधन) का खेल हो सकता है। इससे पहले ईडी ने वीणा विजयन के ठिकानों पर छापेमारी कर कई डिजिटल डेटा, बैंक रिकॉर्ड और अहम वित्तीय दस्तावेज भी जब्त किए थे, जिन्हें आधार बनाकर अब आमने-सामने बिठाकर पूछताछ की जाएगी।

