भोपाल 09 June (rns) । मध्य प्रदेश में राज्यसभा चुनाव की सरगर्मियों के बीच सियासत पूरी तरह गरमा गई है। बीजेपी द्वारा तीसरा उम्मीदवार मैदान में उतारे जाने के बाद कांग्रेस को ‘हॉर्स ट्रेडिंग’ (विधायकों की खरीद-फरोख्त) का डर सताने लगा है। इस बीच, मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने बीजेपी पर भ्रष्टाचार, पिछड़ा वर्ग (OBC) विरोधी और महिला विरोधी होने का गंभीर आरोप लगाया है। हालांकि, विधायकों की शिफ्टिंग (अन्य जगह भेजने) के सवाल पर उन्होंने पूरी तरह चुप्पी साध ली।
जीतू पटवारी ने प्रदेश की जनता को संबोधित करते हुए कहा, मैं मध्य प्रदेश की 8 करोड़ जनता से आग्रह करना चाहता हूं। मैं जब बार-बार कहता हूं कि भारतीय जनता पार्टी ने मध्य प्रदेश की जड़ों में भ्रष्टाचार डाल दिया है, तो वह बात अब सिद्ध हो रही है। यह ‘अली बाबा 40 चोर’ की सरकार है। उन्होंने मुख्यमंत्री मोहन यादव पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि उन्हें केवल तीन ही बातें आती हैं-पहला करप्शन (भष्टाचार) करना, दूसरा विज्ञापन देना और तीसरा केवल गालियां देना।
पटवारी ने बीजेपी के तीसरे उम्मीदवार के चयन पर सवाल उठाते हुए कहा कि लोकतंत्र की मूल मर्यादा को ताक पर रखकर, 10 विधायक कम होने के बावजूद बीजेपी ने एक ओबीसी (केवट परिवार) के व्यक्ति को तीसरे नंबर पर खड़ा किया है। उन्होंने बीजेपी के चाल, चरित्र और चेहरे पर सवाल उठाते हुए कहा- हारने के लिए बनाया उम्मीदवार। अगर बीजेपी को ओबीसी वर्ग के साथी को ही आगे बढ़ाना था, तो उन्हें पहले नंबर पर क्यों नहीं रखा? पहले नंबर पर तो वे पंजाब के व्यक्ति को लेकर आए और उन्हें कैंडिडेट बना दिया।

