– मतदाता सूचियों के विशेष पुनरीक्षण अभियान को लेकर बीएलओ को दिया प्रशिक्षण
सिरसा 9 जून (आरएनएस)। राजकीय नेशनल महाविद्यालय के सभागार में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान-2026 के तहत बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) एवं सुपरवाइजरों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया। कार्यक्रम में निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम राजेंद्र कुमार ने अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर तहसीलदार चुनाव हनुमान दास, तहसीलदार राजस्व प्रदीप अहलावत, सुपरवाइजर एवं बीएलओ उपस्थित रहे।
एसडीएम राजेंद्र कुमार ने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता, पारदर्शिता एवं विश्वसनीयता सुनिश्चित करने में बीएलओ और सुपरवाइजरों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य मतदाता सूचियों को अधिक सटीक, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है। उन्होंने कहा कि सभी बीएलओ निर्वाचन आयोग के निर्देशों का गंभीरता से पालन करते हुए घर-घर जाकर सत्यापन कार्य को पूरी जिम्मेदारी और निष्पक्षता के साथ संपन्न करें।
मास्टर ट्रेनर डॉ. राजेश खुराना एवं अरुण कुमार ने प्रशिक्षण के दौरान मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया, नए मतदाताओं के पंजीकरण, नाम संशोधन, स्थानांतरण तथा अन्य निर्वाचन संबंधी कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बीएलओ को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करने तथा निर्धारित समयावधि में सभी प्रक्रियाएं पूर्ण करने के बारे में भी अवगत कराया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

