सिरसा 9 जून (आरएनएस)। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत मंगलवार को रानियां विधानसभा क्षेत्र के लगभग 100 बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) एवं सुपरवाइजरों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में विभिन्न विद्यालयों से जुड़े बीएलओ एवं सुपरवाइजरों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. रविंदर कुमार ने प्रतिभागियों से कहा कि निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सफल निर्वाचन प्रक्रिया सुनिश्चित करने में बीएलओ और सुपरवाइजरों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त जानकारी का प्रभावी ढंग से उपयोग करते हुए पुनरीक्षण कार्यों को जिम्मेदारी के साथ पूरा करने का आह्वान किया।
प्रशिक्षण सत्र के दौरान प्रशिक्षक साहिल पोपली ने डमी ऐप के माध्यम से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की व्यवहारिक जानकारी दी। उन्होंने फॉर्म भरने, आवश्यक दस्तावेजों के संकलन तथा डेटा अपलोड करने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
तहसीलदार शुभम शर्मा एवं नायब तहसीलदार लोकेश कुमार ने उपस्थित बीएलओ एवं सुपरवाइजरों का मार्गदर्शन करते हुए अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वहीं चुनाव कानूनगो देवेंद्र सिंह ने पुनरीक्षण कार्य के दौरान अपनाई जाने वाली प्रक्रियाओं, आवश्यक सावधानियों तथा अभिलेख संधारण से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए कार्य की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
कार्यक्रम का मंच संचालन नरेंद्र सिंह शम्मी ने किया। प्रशिक्षण कार्यक्रम को सफल बनाने में समन्वय टीम के सदस्य महेंद्र कुमार, प्रीतम सिंह, मैन पाल और लखविंदर सिंह सहित अन्य सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

