जांजगीर-चांपा 9 जून (आरएनएस) चार साल की दोस्ती का अंत ऐसा होगा, इसकी कल्पना भी पीड़िता ने नहीं की होगी। भरोसे की आड़ में बनाए गए निजी वीडियो को विवाद के बाद सोशल मीडिया पर वायरल कर बदला लेने की कोशिश करने वाले आरोपी को चांपा पुलिस ने महज 72 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। इस त्वरित कार्रवाई ने साइबर अपराधियों को साफ संदेश दिया है कि डिजिटल अपराध अब कानून की पकड़ से बच नहीं सकते।
मामला थाना चांपा क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार आरोपी संतोष सोनी (28 वर्ष), निवासी चांपा, जिला जांजगीर-चांपा की पहचान पीड़िता से करीब चार वर्ष पहले हुई थी। इसी दौरान आरोपी ने महिला की जानकारी के बिना उसके निजी फोटो और वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिए। बाद में दोनों के बीच विवाद बढ़ा तो आरोपी ने बदले की भावना से महिला के निजी एवं अश्लील वीडियो इंस्टाग्राम के माध्यम से भेज दिए। पीड़िता की शिकायत पर थाना चांपा में अपराध क्रमांक 289/2026 दर्ज कर सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66 एवं 67(ए) के तहत मामला कायम किया गया।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में थाना चांपा पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। विवेचना के दौरान आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन जब्त कर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार करते हुए न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में निरीक्षक राकेश सूर्यवंशी, उप निरीक्षक बलवंत धृतलहरे, PSI रुकसाना बानो तथा थाना चांपा की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
बहरहाल, यह मामला एक बड़ी चेतावनी है कि निजी पलों का दुरुपयोग कर सोशल मीडिया पर बदला लेने की कोशिश करने वालों तक कानून की पहुंच अब बेहद तेज हो चुकी है।


