जशपुरनगर, 10 जून (आरएनएस)। मैनी नदी क्षेत्र में अवैध रेत खनन और परिवहन की शिकायतों के बाद खनिज विभाग ने कार्रवाई करते हुए अवैध रेत परिवहन के दो मामलों में प्रकरण दर्ज किया है। विभाग ने आरोपियों से कुल 21,368 रुपये का अर्थदंड भी वसूल किया है।
खनिज शाखा जशपुर से प्राप्त जानकारी के अनुसार समाचार पत्रों में प्रकाशित खबर मैनी नदी में धड़ल्ले से चल रहा अवैध रेत खनन, भूजल स्तर गिरने की आशंका के बाद खनिज अमले ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच अभियान चलाया। इस दौरान 2 जून 2026 को कांसाबेल पुल के पास खनिज रेत के अवैध उत्खनन एवं परिवहन की जांच की गई। जांच में अवैध रेत परिवहन के दो मामले सामने आए, जिन पर खान और खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 के तहत कार्रवाई की गई। विभागीय अधिकारियों के अनुसार दोनों प्रकरणों में कुल 21,368 रुपये की अर्थदंड राशि खनिज मद में जमा कराई गई है। साथ ही अवैध खनन और परिवहन पर निगरानी लगातार जारी रखने की बात भी कही गई है। खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के विरुद्ध नियमित जांच अभियान चलाया जा रहा है तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बंछोर
000
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

