धमतरी, 10 जून (आरएनएस)। जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत धमतरी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अप्रैल माह में दर्ज गांजा तस्करी के एक मामले की जांच के दौरान एक नगर सैनिक की संलिप्तता सामने आने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार थाना मगरलोड में 14 अप्रैल 2026 को अपराध क्रमांक 63/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) और 29 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था। इस प्रकरण में पहले ही 1.660 किलोग्राम अवैध गांजा, नगदी और मोबाइल फोन सहित कुल 89,930 रुपये मूल्य की सामग्री जब्त कर पति-पत्नी को गिरफ्तार किया जा चुका था। जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर से प्राप्त जानकारी और अन्य तथ्यों के विश्लेषण में नगर सैनिक महेश सिन्हा की भूमिका सामने आई। पुलिस के अनुसार आरोपी अवैध गांजा कारोबार से जुड़ी गतिविधियों में शामिल था और मामले में उसकी सक्रिय भूमिका पाई गई। गिरफ्तार आरोपी महेश सिन्हा (40 वर्ष) ग्राम पाहंदा, थाना मगरलोड का निवासी है और नगर सैनिक के रूप में कार्यरत था। लगातार निगरानी के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें मामले से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
बंछोर
000
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

