0 एक पर पॉक्सो तो दूसरे पर छेड़छाड़ का मामला
जांजगीर-चांपा, 10 जून (आरएनएस)। थाना मुलमुला पुलिस ने दो अलग-अलग गंभीर मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर दो फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में की गई।
नाबालिग का फोटो-वीडियो वायरल करने वाला आरोपी गिरफ्तार
पहले मामले में एक नाबालिग बालिका के अश्लील फोटो और वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर वायरल कर उसे बदनाम करने तथा परिवार को धमकी देने की शिकायत प्राप्त हुई थी। मामले में थाना मुलमुला में अपराध क्रमांक 153/2026 के तहत आईटी एक्ट, बीएनएस और पॉक्सो एक्ट की धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी निलेश भैना (21 वर्ष) निवासी नगारीडीह, थाना शिवरीनारायण को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

घर में घुसकर छेड़छाड़ करने वाला आरोपी भी दबोचा गया
दूसरे मामले में एक युवती ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आधी रात एक युवक उसके घर में घुस गया और उसके साथ छेड़छाड़ करने लगा। युवती के शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गया था।
शिकायत के आधार पर थाना मुलमुला में अपराध क्रमांक 204/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी शुभम दास (20 वर्ष) निवासी ग्राम जोगीडीपा को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे भी न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना
थाना प्रभारी निरीक्षक पारस पटेल के नेतृत्व में मुलमुला पुलिस टीम ने दोनों मामलों में तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपियों को उनके घरों से गिरफ्तार किया। दोनों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक पारस पटेल, सहायक उपनिरीक्षक प्रमोद महार, प्रधान आरक्षक बलबीर सिंह तथा आरक्षक सनीहर जगत और मनभावन पटेल का विशेष योगदान रहा।
मुलमुला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
0

