0 प्रभारी सचिव अंकित आनंद ने किया निर्माण कार्य का निरीक्षण
जशपुर, 10 जून (आरएनएस)। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशा के अनुरूप जशपुर जिले में विद्यार्थियों के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त नालंदा परिसर का निर्माण तेजी से किया जा रहा है। जिले के प्रभारी सचिव अंकित आनंद ने 8 जून को निर्माणाधीन नालंदा परिसर का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ समयसीमा में निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
जशपुर नगर के वार्ड क्रमांक 14 स्थित पुराने विस्तार डिपो के पास लगभग 2 एकड़ भूमि पर 11 करोड़ रुपये की लागत से 500 सीटर हाईटेक नालंदा लाइब्रेरी का निर्माण किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान प्रभारी सचिव ने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए।
इस अवसर पर रोहित व्यास, अभिषेक कुमार, विश्वास राव मस्के, योगेश्वर उपाध्याय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

निर्माण पूर्ण होने के बाद नालंदा परिसर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए अत्याधुनिक अध्ययन केंद्र के रूप में विकसित होगा। यहां विद्यार्थियों को 24 घंटे नि:शुल्क इंटरनेट सुविधा, कंप्यूटर, ई-लाइब्रेरी, कैंटीन और पार्किंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
जिले में बन रहा यह हाईटेक नालंदा परिसर युवाओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है, जिससे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले हजारों विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा।
0

