आलीशान बंगला-जिम और करोड़ों की जमीन… इंदौर में लोकायुक्त का बड़ा छापा
इंदौर 10 june (rns)/- । मध्य प्रदेश के इंदौर में लोकायुक्त पुलिस ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए महिला एवं बाल विकास विभाग के डिप्टी डायरेक्टर लक्ष्मी नारायण कंडवाल के ठिकानों पर छापा मारा है। प्रारंभिक जांच में कंडवाल के पास आय से 241 प्रतिशत अधिक संपत्ति होने की जानकारी सामने आई है। लोकायुक्त की तीन टीमें उनके मकान, जिम और डिपार्टमेंटल स्टोर सहित अन्य परिसरों पर दस्तावेजों की जांच में जुटी हुई हैं। कार्रवाई के दौरान करोड़ों रुपए की संपत्ति और निवेश से जुड़े दस्तावेज मिलने की संभावना जताई जा रही है।
पुलिस महानिदेशक योगेश देशमुख के निर्देश पर भ्रष्टाचार के मामलों में सख्त कार्रवाई के तहत लोकायुक्त पुलिस को लक्ष्मी नारायण कंडवाल के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत मिली थी। शिकायत के सत्यापन की जिम्मेदारी कार्यवाहक निरीक्षक आशुतोष मिठास को सौंपी गई थी। जांच में प्रथम दृष्टया यह सामने आया कि कंडवाल ने अपने करीब 30 वर्षों के शासकीय सेवाकाल में वैध आय से कहीं अधिक संपत्ति अर्जित की है।

