सिरसा 10 जून (आरएनएस)। सिरसा शहर की समस्याओं को जमीनी स्तर पर समझने एवं नागरिक सुविधाओं की वास्तविक स्थिति का आंकलन करने के उद्देश्य से जिला नगर आयुक्त सुरेंद्र बेनीवाल मंगलवार सुबह साइकिल पर शहर के दौरे पर निकले।
नगर आयुक्त ने प्रात: 6 बजे लघु सचिवालय स्थित अपने निवास से साइकिल यात्रा प्रारंभ की तथा बरनाला रोड़, हिसार रोड होते हुए डबवाली रोड़ पर लालबत्ती चौक पहुंचकर स्थानीय लोगों से मिलकर उनसे बातचीत भी की। इस दौरान उन्होंने बरनाला रोड, बाल भवन, पुरानी कचहरी रोड एवं डबवाली रोड क्षेत्र की सफाई व्यवस्था, सड़क स्थिति तथा अन्य नागरिक सुविधाओं का जायजा भी लिया।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए सफाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा नागरिक समस्याओं के त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सुबह 6 बजे से 8 बजे तक चले इस निरीक्षण अभियान के दौरान नगर आयुक्त ने शहर के विभिन्न हिस्सों में जाकर सफाई, सड़क व्यवस्था एवं अन्य सार्वजनिक सुविधाओं के संबंध में शहरवासियों से फीडबैक भी प्राप्त किया। उन्होंने टाउन पार्क के समीप स्थानीय नागरिकों से भी मुलाकात की और उनकी समस्याएं जानी व सुझाव मांगे।
इस अवसर पर नगर आयुक्त सुरेंद्र बेनीवाल ने कहा कि सिरसा शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाना उनकी प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि शहर की सड़कों को गड्ढा मुक्त करना, सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना,स्ट्रीट लाईट व्यवस्था को बेहतर बनाना तथा सिरसा को हरा-भरा बनाना नगर परिषद का प्रमुख लक्ष्य है।
उन्होंने कहा कि नगर परिषद द्वारा शहर के समग्र विकास एवं नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार निरीक्षण एवं सुधार कार्य किए जा रहे हैं।
नागरिकों की समस्याओं को समझकर उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार के जमीनी निरीक्षण भविष्य में भी जारी रहेंगे।
नगर आयुक्त की यह पहल आम नागरिकों के बीच सराहना का विषय बनी हुई है तथा इसे प्रशासन और जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने की दिशा में एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

