– महाराजा अग्रसेन पार्क में किया पौधारोपण, नागरिकों से पौधों की देखभाल का लिया संकल्प
सिरसा 10 जून (आरएनएस)। पर्यावरण संरक्षण एवं हरित सिरसा के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए श्री मुरली जन सेवा ट्रस्ट, सिरसा की ओर से ट्रस्ट की प्रधान दीपिका बांसल के नेतृत्व में गत दिवस अंबेडकर चौक के समीप स्थित महाराजा अग्रसेन पार्क में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रकार के छायादार एवं फलदार पौधे लगाए गए तथा उनके संरक्षण और नियमित देखभाल का संकल्प भी लिया गया। इस अवसर पर ट्रस्ट के सदस्यों ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और लगातार कम होते हरित क्षेत्र के कारण पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन गया है। पौधारोपण केवल एक सामाजिक गतिविधि नहीं, बल्कि आने वाली पीढिय़ों को स्वच्छ वातावरण देने की जिम्मेदारी भी है। सदस्यों ने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान पार्क परिसर में लगाए गए पौधों को सुरक्षित रखने तथा उनके नियमित रखरखाव की योजना भी बनाई गई, ताकि लगाए गए पौधे भविष्य में बड़े वृक्ष बनकर पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें। इस अवसर पर मनोज बांसल, नीरू मित्तल, सुनील जिंदल, अभिषेक, दीक्षा, औमसी, प्रीत, हिमानी, सौरभ,सर्वजीत सिंह एवं नमन सहित ट्रस्ट के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
इस दौरान ट्रस्ट की प्रधान दीपिका बांसल ने कहा कि “प्रकृति का संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों का सामना करने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाना और उनकी देखभाल करना बेहद जरूरी है। श्री मुरली जन सेवा ट्रस्ट समाजहित के कार्यों के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में भी लगातार सक्रिय भूमिका निभाता रहेगा। हमारा प्रयास है कि सिरसा को अधिक हराभरा और स्वच्छ बनाया जाए। मैं सभी नागरिकों से अपील करती हूं कि वे अपने जीवन के महत्वपूर्ण अवसरों पर पौधे अवश्य लगाएं और उनकी देखभाल भी सुनिश्चित करें।” उन्होंने कहा कि एक पौधा केवल पेड़ नहीं बनता, बल्कि आने वाले वर्षों में वह स्वच्छ वायु, छाया और बेहतर पर्यावरण का आधार बनता है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प लेना चाहिए।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

