दुर्ग,10 जून (आरएनएस)। दुर्ग पुलिस ने नकली सोने को असली बताकर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 1.242 किलोग्राम वजन के सोने जैसे दिखने वाले नकली धातु के बिस्किट, एक नकली सिक्का, एक कार, मोबाइल फोन और अन्य साक्ष्य सामग्री बरामद की गई है।पुलिस के अनुसार, थाना उतई में बोरसी निवासी जितेंद्र साहू की शिकायत पर अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई थी। विवेचना के दौरान खुलासा हुआ कि आरोपी लोगों को यह झांसा देते थे कि उन्हें जमीन में गड़ा हुआ हंडा मिला है, जिसमें सोने के बिस्किट और सिक्के मिले हैं। इसके बाद वे नकली धातु को असली सोना बताकर बाजार मूल्य से बेहद कम कीमत पर बेचने का लालच देते थे और लोगों से रकम ऐंठ लेते थे।मामले की गंभीरता को देखते हुए दुर्ग पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण, भौतिक साक्ष्य और लगातार निगरानी के आधार पर विभिन्न जिलों में दबिश देकर गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में दिनेश कुमार टंडन (दुर्ग), पन्नालाल कुर्रे (कोरबा), गणेशराम गंधर्व (कबीरधाम), रामस्वरूप रौतेल (डिंडोरी, मध्यप्रदेश) और भानुप्रताप डहरिया (दुर्ग) शामिल हैं।पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पन्नालाल कुर्रे के खिलाफ इसी प्रकार की ठगी के अन्य मामले भी दर्ज हैं, जबकि दिनेश कुमार टंडन का आपराधिक रिकॉर्ड भी पाया गया है।पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सस्ते दाम पर सोना, चांदी या अन्य बहुमूल्य वस्तुएं बेचने के किसी भी प्रलोभन में न आएं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या धोखाधड़ी की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
दुर्ग पुलिस की इस कार्रवाई से एक संगठित ठगी गिरोह का पर्दाफाश हुआ है और ऐसे अपराधों पर अंकुश लगाने की दिशा में बड़ी सफलता मिली है।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

