कोरबा, 10 जून (आरएनएस)। कोरबा पुलिस के सजग कोरबा, सतर्क कोरबा अभियान के तहत थाना कोतवाली पुलिस ने चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 2.50 लाख रुपये मूल्य का चोरी गया पूरा सामान बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, पावर हाउस रोड निवासी व्यवसायी विमल जाजोदिया ने 9 जून को थाना कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी दुकान एशियन ट्रेडर्स में अज्ञात चोरों ने पीछे से प्रवेश कर डायनेक्स कंपनी का इन्वर्टर, बिरला ओपस पेंट के डिब्बे, बॉश कंपनी की ड्रिल मशीन, ब्रेकर मशीन सहित अन्य सामान चोरी कर लिया है।
शिकायत के आधार पर थाना कोतवाली में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल जांच शुरू की और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर लक्ष्मणबन तालाब क्षेत्र के रहने वाले मनीष यादव (19 वर्ष) और प्रकाश चौहान (19 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गया संपूर्ण सामान बरामद कर लिया। बरामद सामग्री की कीमत लगभग 2.50 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने मामले में 100 प्रतिशत रिकवरी हासिल करने का दावा किया है।
दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना के कुछ ही समय बाद आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की पूरी बरामदगी कोरबा पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई का परिणाम है।
इस कार्रवाई में नगर निरीक्षक एम.बी. पटेल के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक वासुदेव आदित्य, भूपेंद्र लहरे तथा आरक्षक चंद्रकांत गुप्ता, रामविलास, रमेंद्र वर्मन और चंद्रप्रकाश तंवर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कोरबा पुलिस ने नागरिकों से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

