रायपुर, 10 जून (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ के स्कूल शिक्षा विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। विभाग ने प्रशासनिक कसावट और शैक्षणिक व्यवस्थाओं को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से राज्यभर के 28 अधिकारियों के स्थानांतरण आदेश जारी किए हैं। आदेश के तहत जिला शिक्षा अधिकारियों (डीईओ), विकासखंड शिक्षा अधिकारियों (बीईओ), सहायक संचालकों और प्राचार्यों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
स्कूल शिक्षा विभाग के अवर सचिव द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह तबादला सूची तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है और आगामी आदेश तक प्रभावी रहेगी। महासमुंद, रायपुर, बिलासपुर, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, कोरिया, बलौदाबाजार-भाटापारा, रायगढ़, गरियाबंद, धमतरी, बेमेतरा, बीजापुर, नारायणपुर और बालोद समेत कई जिलों में प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारियों की नई पदस्थापना की गई है।
जारी आदेश के तहत प्रभारी उप संचालक लोक शिक्षण संचालनालय बी.एल. देवांगन को प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी महासमुंद नियुक्त किया गया है। वहीं रायपुर के प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी हिमांशु भारतीय को प्रभारी उप संचालक लोक शिक्षण संचालनालय की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सहायक संचालक एम.जी. सतीश कुमार को रायपुर का प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी बनाया गया है।
इसी तरह बिलासपुर में रमेश्वर जायसवाल को प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा कई विकासखंड शिक्षा अधिकारियों और सहायक संचालकों को पदोन्नत दायित्व देते हुए जिला स्तर की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। कुछ अधिकारियों को लोक शिक्षण संचालनालय और संभागीय कार्यालयों में भी स्थानांतरित किया गया है।
शिक्षा विभाग के इस व्यापक फेरबदल को प्रशासनिक व्यवस्था में सुधार, कार्यों की बेहतर मॉनिटरिंग और शिक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। विभागीय स्तर पर इसे आगामी शैक्षणिक सत्र की तैयारियों से भी जोड़कर देखा जा रहा है।
०


