धमतरी, 10 जून (आरएनएस)। धमतरी पुलिस अधीक्षक कार्यालय में उस समय भावुक और प्रेरणादायी माहौल बन गया, जब एक श्रमिक पिता और उसकी छात्रा पुत्री ने पुलिस के प्रति सम्मान और विश्वास को गीत के माध्यम से अभिव्यक्त किया। ग्राम नवागांव कंडेल निवासी गीतकार रविशंकर पटेल और उनकी पुत्री हर्षलता पटेल ने पुलिस अधीक्षक के समक्ष विशेष प्रस्तुति देकर सभी का दिल जीत लिया।
पेशे से श्रमिक रविशंकर पटेल ने धमतरी पुलिस द्वारा अवैध शराब, गांजा तस्करी, जुआ-सट्टा और चाकूबाजी जैसे अपराधों के खिलाफ लगातार की जा रही कार्रवाई से प्रेरित होकर जनजागरूकता और पुलिस के जनसेवी कार्यों पर आधारित गीतों की रचना की है। उनकी पुत्री हर्षलता पटेल ने इन गीतों को मधुर और प्रभावशाली स्वर में प्रस्तुत किया।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित इस विशेष अवसर पर हर्षलता ने पुलिस की सेवा भावना, कानून-व्यवस्था बनाए रखने में उसकी भूमिका और आमजन की सुरक्षा के प्रति समर्पण को केंद्र में रखकर रचित गीत प्रस्तुत किया। गीत की प्रस्तुति से उपस्थित अधिकारी और कर्मचारी भावविभोर हो गए और उन्होंने छात्रा की प्रतिभा की जमकर सराहना की।
पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने रविशंकर पटेल और उनकी पुत्री हर्षलता के इस रचनात्मक प्रयास की प्रशंसा करते हुए उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि कला और साहित्य समाज को जोडऩे का सशक्त माध्यम हैं तथा पुलिस के प्रति सम्मान और विश्वास व्यक्त करने वाली ऐसी प्रस्तुतियां समाज और पुलिस के बीच सकारात्मक संवाद को मजबूत बनाती हैं।
एसपी ने हर्षलता के उज्ज्वल भविष्य और निरंतर सफलता की शुभकामनाएं भी दीं। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेनद्र कुमार पाण्डेय सहित अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी हर्षलता की गायन प्रतिभा की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
यह अनूठी प्रस्तुति पुलिस और समाज के बीच बढ़ते विश्वास तथा सकारात्मक संबंधों का प्रेरक उदाहरण बनकर सामने आई।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

