जांजगीर-चांपा,10 जून (आरएनएस) । मुलमुला पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर दो फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। दोनों मामलों में कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में की गई।
पहले मामले में एक युवक द्वारा नाबालिग बालिका का अश्लील फोटो और वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर वायरल कर उसे बदनाम करने तथा उसके परिवार को धमकी देने का मामला सामने आया था। शिकायत के आधार पर थाना मुलमुला में अपराध क्रमांक 153/2026 के तहत आईटी एक्ट, भारतीय न्याय संहिता और पॉक्सो एक्ट की धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस ने नगारीडीह निवासी 21 वर्षीय निलेश भैना को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ विधिवत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
दूसरे मामले में एक युवती ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आधी रात एक युवक उसके घर में घुस आया और उसके साथ छेड़छाड़ करने लगा। युवती के शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गया था। मामले में थाना मुलमुला में अपराध क्रमांक 204/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने ग्राम जोगीडीपा निवासी 20 वर्षीय शुभम दास को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे भी न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
थाना प्रभारी निरीक्षक पारस पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को उनके घरों से गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि दोनों मामलों में आईटी एक्ट, पॉक्सो एक्ट एवं भारतीय न्याय संहिता के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक पारस पटेल, सहायक उपनिरीक्षक प्रमोद महार, प्रधान आरक्षक बलबीर सिंह तथा आरक्षक सनीहर जगत और मनभावन पटेल का विशेष योगदान रहा।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

