धमतरी, 10 जून (आरएनएस)। जिले के युवाओं को कौशल विकास प्रशिक्षण के माध्यम से रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। इसी कड़ी में विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थाओं एवं प्रशिक्षण भागीदारों के सहयोग से प्रशिक्षित युवाओं का निजी क्षेत्र में चयन हुआ है। चयनित युवाओं से कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने मुलाकात कर उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं तथा उनके अनुभवों की जानकारी ली।
कलेक्टर ने युवाओं से चर्चा करते हुए पूछा कि रोजगार मिलने पर उन्हें कैसा महसूस हो रहा है तथा प्रशिक्षण के दौरान किसी प्रकार की कठिनाई तो नहीं हुई। युवाओं ने बताया कि कौशल विकास प्रशिक्षण से उन्हें आत्मविश्वास मिला और रोजगार प्राप्त करने में सहायता मिली। अधिकांश युवाओं ने भविष्य में अपने कार्यक्षेत्र में आगे बढऩे और बेहतर अवसर प्राप्त करने की इच्छा व्यक्त की, वहीं एक युवक ने भविष्य में स्वयं का व्यवसाय स्थापित करने की आकांक्षा जताई।

इस अवसर पर कलेक्टर ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि कौशल विकास आज के समय की आवश्यकता है। प्रशिक्षण प्राप्त कर युवा न केवल रोजगार प्राप्त कर सकते हैं, बल्कि स्वरोजगार के माध्यम से अन्य लोगों को भी रोजगार उपलब्ध करा सकते हैं। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अपने मित्रों, रिश्तेदारों एवं परिचितों को भी कौशल विकास कार्यक्रमों की जानकारी दें, ताकि 10 वीं, 12 वीं अथवा स्नातक उत्तीर्ण युवा प्रशिक्षण प्राप्त कर रोजगार के अवसरों से जुड़ सकें।
कलेक्टर ने विशेष रूप से प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन, अजीम प्रेमजी फाउंडेशन, मधुरिमा गुरुकुल सहित कौशल विकास एवं रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण प्रदान करने वाली संस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि इनके प्रयासों से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के युवाओं को नई दिशा मिल रही है। प्रशिक्षण उपरांत चयनित युवाओं में आंध्रप्रदेश के गुंटूर स्थित रिन्सेस ब्यूटी केयर में सुअंजली टंडिया, सुकविता, सुमानसी देशमुख एवं सुहोमेश्वरी का चयन हुआ है। उन्हें 8 हजार रुपये प्रतिमाह इन-हैंड वेतन के साथ 4 हजार 500 रुपये भोजन एवं आवास सुविधा प्रदान की जाएगी। इसी प्रकार गुंटूर स्थित क्रासा फैमिली सैलून में सुमीनाक्षी, सुमुस्कान, सुमनीषा, सुदुर्गा, सुसुमन, सुनेहा एवं सुलक्ष्मी का चयन हुआ है। उन्हें भी 8 हजार रुपये प्रतिमाह इन-हैंड वेतन तथा 4 हजार 500 रुपये भोजन एवं आवास सुविधा प्राप्त होगी। वहीं हैदराबाद स्थित थास्विका हेयर सैलून में सुनाजिया परवीन, सुप्रीति ध्रुव, सुखेमलता एवं सुहितेश्वरी का चयन हुआ है। उन्हें 10 हजार रुपये प्रतिमाह इन-हैंड वेतन के साथ 4 हजार रुपये भोजन एवं आवास सुविधा प्रदान की जाएगी। कलेक्टर ने सभी चयनित युवाओं को नियुक्ति मिलने पर बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी सफलता अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा बनेगी तथा जिले में कौशल विकास एवं रोजगार सृजन के प्रयासों को और मजबूती मिलेगी। उन्होंने युवाओं से अपने कार्यस्थल पर अनुशासन, समर्पण एवं सकारात्मक सोच के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
0

