बालोद, 10 जून (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग सहित पांच तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 72.621 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 36.31 लाख रुपये आंकी गई है। तस्करों ने गांजा छिपाने के लिए प्लास्टिक के टबों को खोखला बनाकर उसमें मादक पदार्थ भर रखा था।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा से चार मोटरसाइकिलों में सवार छह लोग गांजा लेकर मध्यप्रदेश की ओर जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने भेड़ी तिराहा में घेराबंदी कर जांच अभियान शुरू किया। इस दौरान पुलिस को देखकर एक युवक बाइक से कूदकर फरार हो गया, जबकि अन्य आरोपियों को पकड़ लिया गया।
तलाशी के दौरान पुलिस ने बाइक के कैरियर पर रखे काले रंग के प्लास्टिक टबों की जांच की। जांच में पता चला कि ऊपर सामान्य टब रखे गए थे, जबकि नीचे के टबों को काटकर खोखला बनाया गया था। इन्हीं टबों के अंदर गांजा के पैकेट छिपाकर तस्करी की जा रही थी। एक बाइक से 22 पैकेट और दूसरी बाइक से 28 पैकेट गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया। पुलिस फरार आरोपी की तलाश के साथ-साथ पूरे तस्करी नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।
गिरफ्तार आरोपी
श्याम गोड़ (26), निवासी टपराटोला, जिला रायसेन (मप्र)
पवन गोड़ (26), निवासी राहतगढ़, जिला सागर (मप्र)
प्रदीप चौहान (20), निवासी टपरापठारी, जिला रायसेन (मप्र)
संजय कुमावत (20), निवासी टपरापठारी, जिला रायसेन (मप्र)
एक विधि-विरुद्ध बालक
पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।
0
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

