रायगढ़,11 जून (आरएनएस)। संस्कार पब्लिक स्कूल, रायगढ़ में शिक्षकों के व्यावसायिक विकास एवं विद्यार्थियों के समग्र व्यक्तित्व निर्माण को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से मैनेजिंग एडोलसेंट्स एंड पेरेंटिंग इन द 21सेंचुरी विषय पर एक विशेष प्रशिक्षण सत्र का सफल आयोजन किया गया। यह ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायी सत्र श्रीमती तापसी डे, जो भारती भवन प्रकाशन से संबद्ध हैं, द्वारा संचालित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के संचालक श्री रामचंद्र शर्मा एवं प्राचार्या श्रीमती रश्मि शर्मा द्वारा श्रीमती तापसी डे के आत्मीय स्वागत के साथ हुआ। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में किशोरों की बदलती सोच, व्यवहार एवं चुनौतियों को समझना अत्यंत आवश्यक है तथा शिक्षकों की भूमिका विद्यार्थियों के मार्गदर्शक और प्रेरणास्रोत के रूप में पहले से अधिक महत्वपूर्ण हो गई है।
प्रशिक्षण सत्र के दौरान श्रीमती तापसी डे ने किशोरावस्था के विभिन्न मनोवैज्ञानिक, सामाजिक एवं भावनात्मक पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि आज के तेजी से बदलते परिवेश में किशोर अनेक प्रकार की चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। ऐसे में शिक्षकों एवं अभिभावकों को उनकी भावनाओं, आवश्यकताओं और समस्याओं को समझते हुए सकारात्मक मार्गदर्शन प्रदान करना चाहिए।
उन्होंने व्यावहारिक उदाहरणों, प्रेरक प्रसंगों तथा संवादात्मक चर्चाओं के माध्यम से शिक्षकों को विद्यार्थियों के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने, उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने तथा उनके सर्वांगीण विकास में प्रभावी भूमिका निभाने के महत्वपूर्ण सुझाव दिए। साथ ही आधुनिक युग में प्रभावी पेरेंटिंग की भूमिका, चुनौतियों एवं समाधान पर भी विस्तार से प्रकाश डाला।
सत्र के दौरान विद्यालय के सभी शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रश्नोत्तर एवं विचार-विमर्श के माध्यम से कार्यक्रम अत्यंत रोचक, सहभागितापूर्ण एवं ज्ञानवर्धक रहा। शिक्षकों ने इस प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे उन्हें विद्यार्थियों की मनोवैज्ञानिक आवश्यकताओं को समझने और उन्हें बेहतर मार्गदर्शन प्रदान करने के लिए व्यवहारिक एवं प्रभावी रणनीतियाँ प्राप्त हुईं।
विद्यालय प्रबंधन ने विश्वास व्यक्त किया कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम शिक्षकों की दक्षता को बढ़ाने के साथ-साथ विद्यार्थियों के लिए सकारात्मक एवं सहयोगात्मक शैक्षणिक वातावरण के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। संस्कार पब्लिक स्कूल, रायगढ़ भविष्य में भी शिक्षकों के सतत व्यावसायिक विकास एवं उत्कृष्ट शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

