रायपुर,11 जून (आरएनएस)। राजधानी के खम्हारडीह थाना क्षेत्र स्थित गोल्डन होम्स में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के जेवरात, नगदी, चोरी के पैसों से खरीदा गया मोबाइल फोन, कूलर और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित करीब 6 लाख 28 हजार रुपये का मशरूका बरामद किया गया है।पुलिस के अनुसार गोल्डन होम्स निवासी भरत छापडिय़ा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 3-4 जून 2026 की दरम्यानी रात अज्ञात चोर उनके घर में घुसकर आलमारी और लॉकर खोलकर सोने के जेवरात, चांदी के सिक्के तथा नगदी रकम चोरी कर ले गए। मामले में खम्हारडीह थाना में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला तथा पुलिस उपायुक्त (उत्तर) मयंक गुर्जर के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट एवं खम्हारडीह थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेजों का बारीकी से विश्लेषण किया। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर जल विहार कॉलोनी, तेलीबांधा निवासी डी रवि राव उर्फ डी बच्चन की पहचान हुई, जिसे पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ की।पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। उसने बताया कि चोरी का कुछ सामान अपने चचेरे भाई डी इग्नेश राव तथा परिचित अशोक मानिकपुरी को बिक्री और सुरक्षित रखने के लिए दिया था। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने तीनों आरोपियों के कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के जेवरात, नगदी रकम, चोरी के पैसों से खरीदा गया मोबाइल फोन, एक कूलर तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है। बरामद सामान की कुल कीमत लगभग 6.28 लाख रुपये बताई गई है।मुख्य आरोपी डी रवि राव उर्फ डी बच्चन पूर्व में चोरी, मारपीट और अन्य मामलों में जेल जा चुका है, जबकि डी इग्नेश राव भी आम्र्स एक्ट के मामले में जेल निरुद्ध रह चुका है। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

