कोण्डागांव, 11 जून (आरएनएस)। सुशासन तिहार और बस्तर मुन्ने कार्यक्रम के तहत जिले का अंतिम जिला स्तरीय शिविर गुरुवार को जनपद पंचायत केशकाल के ग्राम पंचायत धनोरा में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कांकेर सांसद भोजराज नाग उपस्थित रहे। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन शामिल हुए।
शिविर के दौरान विभिन्न शासकीय योजनाओं के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से आमजन एवं हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। विभागीय अधिकारियों ने योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया तथा प्राप्त होने वाले लाभों के संबंध में मार्गदर्शन दिया। पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के तहत स्वीकृतियां एवं सामग्री का वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम के दौरान आमजन की समस्याओं एवं मांगों को गंभीरतापूर्वक सुना गया तथा उनके त्वरित निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। इस अवसर पर सांसद भोजराज नाग ने अपने उद्बोधन में कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने आमजन से शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने तथा पात्र व्यक्तियों को भी इन योजनाओं की जानकारी देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने आमजन को आश्वस्त किया कि शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए पात्र हितग्राहियों को समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से लाभ उपलब्ध कराया जाएगा।
इस अवसर पर केशकाल विधानसभा के पूर्व विधायक सेवक राम नेताम, जनपद पंचायत अध्यक्ष नंदनी राकेश पोटाई, जिला पंचायत सदस्य कपिलकांत नाग, जनपद सदस्य हिरमो कुंजाम, संतोष सिंह सहित क्षेत्र के सरपंच, पंच एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

