मुंगेली,11 जून (आरएनएस)। जिले के जरहागांव थाना क्षेत्र में शासकीय उचित मूल्य दुकान में चोरी के मामले का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मामले में शामिल दो विधि से संघर्षरत बालकों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश कर बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है। पुलिस ने चोरी में प्रयुक्त ट्रैक्टर, राशन सामग्री और अन्य सामान सहित करीब 6.03 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार ग्राम ढोठमा स्थित महिला स्व-सहायता समूह द्वारा संचालित शासकीय उचित मूल्य दुकान के संचालक जगदीश माथुर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 9 जून की रात कुछ अज्ञात लोग दुकान का ताला तोड़कर राशन सामग्री चोरी कर रहे थे। सूचना मिलने पर वह मौके पर पहुंचे, जहां जांच में पाया गया कि दुकान से एक बोरी चावल और दो बोरी में रखा 50-50 किलो शक्कर चोरी कर सोनालिका ट्रैक्टर में लोड किया गया था। ग्रामीणों के पहुंचने पर ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा के मार्गदर्शन में जरहागांव पुलिस ने बीट प्रणाली के तहत आरोपियों की तलाश शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने मौके से एक नीले रंग का सोनालिका ट्रैक्टर, चोरी की गई राशन सामग्री और घटना में प्रयुक्त लोहे का सब्बल जब्त किया।
जांच में ट्रैक्टर के मालिक विशाल साहू (19 वर्ष) निवासी ग्राम ढोठमा की पहचान हुई। पूछताछ में उसने अपने साथी विकास उर्फ गोलू साहू (20 वर्ष) और दो विधि से संघर्षरत बालकों के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने विशाल साहू और विकास साहू को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
वहीं मामले में शामिल दो नाबालिगों के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें किशोर न्याय बोर्ड, मुंगेली के समक्ष प्रस्तुत कर बाल संप्रेषण गृह भेजा गया।
पुलिस ने बताया कि संपत्ति संबंधी अपराधों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है और ऐसे मामलों में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

