जांजगीर-चांपा, 11 जून (आरएनएस)। जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में आयोजित एक चंगाई सभा को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। हिंदू धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने और धर्म प्रचार से जुड़े आरोपों के बाद पुलिस ने पास्टर समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, हिंदू जागरण से जुड़े एक पदाधिकारी की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया। शिकायत में आरोप लगाया गया कि ग्राम उदयबंध के गुड़ीपारा क्षेत्र में एक मकान में चंगाई सभा आयोजित कर लोगों को बीमारी के इलाज के नाम पर बुलाया जा रहा था। साथ ही ईसाई धर्म का प्रचार-प्रसार करने, धार्मिक साहित्य वितरित करने और हिंदू देवी-देवताओं के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणियां करने का आरोप लगाया गया।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय के निर्देश पर सिटी कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। पुलिस ने मकान मालिक बद्रीनाथ बरेठ (40) निवासी उदयबंध तथा रथराम महिलांगे (38) निवासी मूलमुला को हिरासत में लिया।
पुलिस का दावा है कि मौके से ईसाई धर्म से संबंधित साहित्य और दस्तावेज बरामद किए गए हैं। दोनों आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर गिरफ्तार किया गया और बाद में न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाईद्व की जाएगी।
महत्वपूणर्: आरोप पुलिस और शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए हैं। आरोपियों का पक्ष अभी सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आया है। मामले में अंतिम निष्कर्ष न्यायिक प्रक्रिया और जांच पूरी होने के बाद ही तय होगा।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

