बिलासपुर, 12 जून (आरएनएस)। सुशासन तिहार के दौरान ग्रामीणों की शिकायत पर आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब कारोबार के खिलाफ शिकंजा कस दिया। सीपत क्षेत्र के ग्राम मटियारी में की गई छापेमार कार्रवाई में महिलाओं द्वारा संचालित कथित शराब ठिकानों से महुआ शराब की बड़ी खेप बरामद हुई है। तीन महिलाओं को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
सहायक आयुक्त आबकारी नवनीत कुमार तिवारी के अनुसार, ग्राम मटियारी में अवैध शराब बिक्री की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों के सत्यापन के बाद आबकारी टीम ने गांव में अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान रूकमणी, श्यामता बाई और शैलबाई के कब्जे से कुल 57 लीटर महुआ शराब जब्त की गई। तीनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की गंभीर धाराओं के तहत गैर-जमानती प्रकरण दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया।
० तालाब किनारे मिला अवैध शराब का जखीरा
जांच के दौरान आबकारी टीम को ग्राम मटियारी के शासकीय तालाब के पास छिपाकर रखी गई बड़ी मात्रा में अवैध सामग्री भी मिली। यहां से 180 लीटर महुआ शराब और 1530 किलोग्राम महुआ लहान जब्त किया गया। विभाग का मानना है कि इस सामग्री का उपयोग बड़े पैमाने पर कच्ची शराब बनाने में किया जाना था।
० दो अन्य महिलाओं पर भी मामला दर्ज
छापेमारी के दौरान निर्मला बाई और पूनम मालिया के घरों से भी महुआ शराब बरामद हुई। दोनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
० सकरी में भी हुई कार्रवाई
इसी अभियान के तहत सकरी क्षेत्र के ग्राम अमेरी में आबकारी टीम ने सूरज बघेल के कब्जे से 9.36 लीटर देशी एवं विदेशी शराब जब्त की। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
बंछोर
000
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

