कांकेर, 12 जून (आरएनएस)। उत्तर बस्तर कांकेर पुलिस ने महिला संबंधी गंभीर अपराध के एक मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए घर में घुसकर दुष्कर्म करने वाले 10 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को मोहला-मानपुर क्षेत्र से पकड़कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, पीडि़ता ने थाना भानुप्रतापपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी कैलाश नेताम उसका परिचित था। आरोपी ने अपनी जरूरत बताकर लगभग दो वर्ष पहले पीडि़ता से दो किस्तों में कुल 1.50 लाख रुपये उधार लिए थे। कई बार पैसे वापस मांगने पर आरोपी उसे प्रताडि़त करने लगा और पैसे लौटाने के बदले संबंध बनाने का दबाव डालते हुए अशोभनीय बातें करता था।
शिकायत के मुताबिक, 19 मार्च 2026 को दोपहर करीब 3:30 बजे आरोपी पीडि़ता के घर पहुंचा और उसे जबरन घर के पीछे बाड़ी की ओर ले जाकर दुष्कर्म किया। आरोपी ने घटना की जानकारी किसी को देने पर पीडि़ता और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी थी। इसके बाद पीडि़ता ने 21 अप्रैल 2026 को थाना भानुप्रतापपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की।
घटना के बाद आरोपी लगातार फरार था और गिरफ्तारी से बचने के लिए अपना ठिकाना बदल रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक राखेचा ने आरोपी की गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीश्रीमाल और एसडीओपी शेरबहादुर सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रामप्रसाद सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर आरोपी की तलाश की जा रही थी। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस को पता चला कि आरोपी मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के कोहका थाना क्षेत्र स्थित ग्राम कामखेड़ा में छिपा हुआ है।
पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान कैलाश नेताम (39 वर्ष), निवासी ग्राम आमाकड़ा, थाना भानुप्रतापपुर, जिला कांकेर के रूप में हुई है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक रामप्रसाद सिंह, सहायक उपनिरीक्षक कलावती थापा, आरक्षक फत्तूराम उसेंडी, अजय मंडावी और दायलू कल्लो की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कांकेर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अपराध संबंधी सूचना तत्काल पुलिस हेल्पलाइन पर दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
0

