अंबिकापुर, 12 जून (आरएनएस)। रक्षित केंद्र अंबिकापुर में आयोजित जनरल परेड की सलामी डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल (भा.पु.से.) ने ली। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के टर्नआउट, अनुशासन तथा कार्यप्रणाली का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
परेड निरीक्षण के दौरान डीआईजी एवं एसएसपी ने पुलिस जवानों की वेशभूषा और अनुशासन का अवलोकन किया। बेहतर टर्नआउट वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। साथ ही सभी पुलिसकर्मियों को अनुशासित रहकर कर्तव्य निर्वहन करने की सीख दी गई।
जनरल परेड के दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की टुकडिय़ों ने परेड का प्रदर्शन किया। परेड में शामिल पुलिस बैंड टीम के प्रदर्शन का भी निरीक्षण किया गया और उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
परेड के बाद डीआईजी एवं एसएसपी ने वाहन शाखा का निरीक्षण कर शासकीय वाहनों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने वाहनों के नियमित रखरखाव, समय-समय पर मरम्मत तथा लॉग बुक को अद्यतन रखने के निर्देश दिए।

इसके पश्चात पुलिस लाइन स्थित शस्त्रागार और स्टोर शाखा का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान हथियारों एवं गोला-बारूद के सुरक्षित रखरखाव, साफ-सफाई तथा अभिलेखों के व्यवस्थित संधारण पर विशेष जोर दिया गया।
डीआईजी एवं एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पुलिस कल्याण कैंटीन तथा पुलिस बैंक जैसी सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए भी प्रेरित किया।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लों, उप पुलिस अधीक्षक राकेश बघेल, एसडीओपी ग्रामीण तुल सिंह पट्टावी, प्रशिक्षु डीएसपी निशांत कुर्रे, रक्षित निरीक्षक तृप्ति सिंह राजपूत सहित विभिन्न थाना-चौकियों एवं कार्यालयों के कुल 184 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
0

