रायपुर, 12 जून (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ में नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 की शुरुआत 16 जून से होगी। स्कूल शिक्षा विभाग ने शाला प्रवेश उत्सव 2026 को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। राज्य सरकार ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप सभी बच्चों को स्वच्छ, सुंदर और गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने पर जोर दिया है।
जारी आदेश के अनुसार 16 जून से प्रदेशभर के स्कूलों में शाला प्रवेश उत्सव मनाया जाएगा। इसके लिए जिला, ब्लॉक, संकुल और विद्यालय स्तर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि नए शिक्षा सत्र की शुरुआत उत्साहपूर्ण माहौल में हो सके।
शिक्षा विभाग ने निर्देश दिया है कि प्रवेश उत्सव से पहले स्कूलों की साफ-सफाई, रंग-रोगन और आवश्यक मरम्मत कार्य 15 जून तक पूर्ण कर लिए जाएं। विद्यालय परिसर को आकर्षक बनाने के साथ-साथ अध्ययन-अध्यापन के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने पर विशेष ध्यान दिया जाए।
विभाग ने शाला प्रवेश उत्सव के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश भी दिए हैं। इसके तहत गांवों और शहरी वार्डों में मुनादी, रैली, बैनर-पोस्टर तथा जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, शाला विकास समितियों और पालकों को कार्यक्रम में आमंत्रित करने को कहा गया है।
आदेश में कक्षा पहली में प्रवेश के लिए आंगनबाड़ी केंद्रों से बच्चों की सूची प्राप्त करने तथा प्राथमिक स्कूलों से पांचवीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों की जानकारी लेकर उन्हें कक्षा छठवीं में प्रवेश दिलाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही ड्रॉपआउट बच्चों को फिर से स्कूल की मुख्यधारा से जोडऩे के लिए विशेष अभियान चलाने पर जोर दिया गया है।
सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे और शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित किया जा सके। इसी उद्देश्य से शाला प्रवेश उत्सव को जनअभियान के रूप में मनाने की तैयारी की जा रही है।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

