कोंडागांव, 12 जून (आरएनएस)। श्रीमान पुलिस अधीक्षक महोदय श्री पंकज चन्द्रा (भा.पु.से.) के निर्देशानुसार तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कपिल चंद्रा एवं उप पुलिस अधीक्षक स्निग्धा सलामे (मुख्यालय) के पर्यवेक्षण में जिला पुलिस कोंडागांव द्वारा युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण हेतु आरोहण अभियान के अंतर्गत नि:शुल्क प्रतियोगी परीक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ किया गया है।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को पीएससी, सीजीपीएससी, सीजी व्यापम, एसएससी, बैंक, रेलवे सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाएगी। कार्यक्रम का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद अभ्यर्थियों को गुणवत्तापूर्ण कोचिंग उपलब्ध कराना है, ताकि वे बिना किसी आर्थिक बोझ के अपनी तैयारी कर सफलता प्राप्त कर सकें।
जिला पुलिस कोंडागांव के अधिकारियों ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान सामान्य ज्ञान, करंट अफेयर्स, रीजनिंग, गणित एवं छत्तीसगढ़ विशेष अध्ययन जैसे विषयों पर विशेष फोकस किया जाएगा। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ समसामयिक 2026 पुस्तक का विमोचन एवं प्रचार भी किया गया, जो प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में विद्यार्थियों के लिए उपयोगी सिद्ध होगी।
जिला पुलिस की यह पहल सामाजिक जिम्मेदारी एवं युवा सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। इच्छुक अभ्यर्थी अधिक जानकारी के लिए जिला पुलिस कोंडागांव कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।
०



