अमेठी,12 जून(आरएनएस)। अमेठी में मेदन मवई ग्राम पंचायत की त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए प्रकाशित मतदाता सूची से पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी का नाम कट गया है. जबकि विगत लोकसभा और विधानसभा चुनाव में स्मृति ईरानी का नाम मतदाता सूची में दर्ज था. मामले सामने आने के बाद जिलाधिकारी अमेठी संजय चौहान ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं.
अमेठी में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी का नाम पंचायत निर्वाचन नामावली से गायब होने के बाद जिला प्रशासन पर बड़ा सवाल खड़े हो गए हैं. इसका खुलासा तब हुआ जब 10 जून को पंचायत निर्वाचन नामावली का अंतिम प्रकाशन हुआ. स्मृति ईरानी का नाम जिले के मेदन मवई गांव पंचायत में विगत लोकसभा एवं विधान सभा चुनाव में दर्ज था. साल 2024 के आम चुनाव में स्मृति ईरानी ने अपना मतदान भी यहीं से किया था.
पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी कांग्रेस के राहुल गांधी को साल 2019 में लोकसभा चुनाव में शिकस्त देकर सांसद निर्वाचित हुई थीं. स्मृति ईरानी ने साल 2019 का चुनाव जीतने के बाद मेदन मवई गांव में अपना मकान बनवाया था. मकान बनने के बाद से स्मृति ईरानी अमेठी की मतदाता बन गई थीं.
पूरे मामले में बीजेपी जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ल ने कहा कि स्मृति ईरानी का नाम शामिल करने के लिए एक आवेदन पत्र जमा किया गया है. अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि उचित सत्यापन के बाद नाम जोड़ा जाएगा. वहीं पूरे मामले में जिलाधिकारी संजय चौहान ने बताया कि जांच के आदेश दे दिए गए हैं. रिपोर्ट आने के बाद सही कारण स्पष्ट होगा.
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

