०’दिशा समिति की बैठक में जनकल्याणकारी योजनाओं के शत-प्रतिशत क्रियान्वयन पर जोर
बीजापुर,12 जून (आरएनएस)। बस्तर सांसद महेश कश्यप की अध्यक्षता में जिला कार्यालय के इन्द्रावती सभाकक्ष में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में केन्द्र एवं राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए उनके प्रभावी क्रियान्वयन एवं अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।बैठक को संबोधित करते हुए सांसद महेश कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की परिकल्पना और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में बस्तर क्षेत्र नक्सलवाद से मुक्त होकर विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि बीजापुर जैसे लंबे समय तक माओवाद प्रभावित रहे जिले में अब विकास कार्यों के लिए अनुकूल वातावरण बना है और केन्द्र तथा राज्य शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं को आपसी समन्वय के साथ धरातल तक पहुंचाना सभी की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।उन्होंने कहा कि बीजापुर जिला कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और चुनौतियों के बावजूद तेजी से विकास की मुख्यधारा में शामिल हो रहा है। अब यह जिला शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पेयजल और कनेक्टिविटी जैसी मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए नई पहचान बना रहा है। सांसद ने कहा कि बस्तर में पर्यटन की संभावनाएं भी तेजी से उभर रही हैं और माओवाद के समूल उन्मूलन के बाद विकास की गति और अधिक तेज होगी।सांसद कश्यप ने अधिकारियों से योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में समर्पण और जवाबदेही के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि आदिवासी बहुल क्षेत्रों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता होनी चाहिए, ताकि जिले में समावेशी और सतत विकास सुनिश्चित किया जा सके।बैठक में कलेक्टर विश्वदीप ने जिले में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति, उपलब्धियों एवं क्रियान्वयन में आने वाली चुनौतियों की जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र यादव ने सुरक्षा संबंधी गतिविधियों से अवगत कराया, जबकि मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत नम्रता चौबे ने पीपीटी प्रस्तुतीकरण के माध्यम से विभिन्न योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, महात्मा गांधी नरेगा, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, सर्व शिक्षा अभियान, एकीकृत बाल विकास योजना, मध्याह्न भोजन योजना, प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना तथा ग्रामीण एवं शहरी आवास योजनाओं सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।बैठक में क्षेत्रीय विधायक विक्रम शाह मंडावी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती जानकी कोरसा, चारों विकासखंडों के जनपद पंचायत अध्यक्ष, नगरपालिका अध्यक्ष गीता सोम पुजारी, जिला पंचायत सदस्यगण तथा जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।बैठक में यह स्पष्ट संदेश उभरकर सामने आया कि नक्सलवाद से मुक्त हो चुका बीजापुर अब विकास, सुशासन और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के माध्यम से प्रदेश के अग्रणी जिलों में अपनी पहचान बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

