बिलासपुर, 12 जून (आरएनएस)। पीएससी परीक्षा की तैयारी कर रही एक छात्रा की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में खुलासा हुआ है कि प्रेमी की दूसरी युवती से बातचीत को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था, जिससे आहत होकर छात्रा ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी।
जानकारी के अनुसार, जांजगीर-चांपा जिले के मुलमुला सोनसरी निवासी आयूषी कुर्रे उर्फ खुशी बिलासपुर के जरहाभाठा क्षेत्र में किराए के मकान में रहकर पीएससी परीक्षा की तैयारी कर रही थी। 20 मार्च 2026 को उसने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की थी।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आयूषी का गांव के ही निवासी दीपक खाण्डे के साथ प्रेम संबंध था। घटना वाले दिन शाम करीब 6 बजे दीपक उसके कमरे से निकला था। इसके बाद आयूषी लगातार उसे मोबाइल फोन कर रही थी, लेकिन उसने कॉल रिसीव नहीं किया।
पुलिस जांच में सामने आया कि दीपक किसी दूसरी युवती से भी बातचीत कर रहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। पुलिस के अनुसार, विवाद और मानसिक तनाव से परेशान होकर आयूषी ने आत्मघाती कदम उठाया। मामले में साक्ष्यों और जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपी प्रेमी दीपक खाण्डे को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है और आत्महत्या के लिए उकसाने से जुड़े पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

