रायपुर, 12 जून (आरएनएस)। राजधानी रायपुर में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध गांजा बिक्री करते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। थाना डीडी नगर और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने आरोपी के कब्जे से 2.580 किलोग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 29 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 11 जून को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि एक व्यक्ति ओजस अस्पताल के पीछे गांजा रखकर बिक्री के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए साइबर सेल एवं थाना डीडी नगर की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।
कार्रवाई के दौरान संदिग्ध युवक को पकड़कर उसकी तलाशी ली गई, जिसमें उसके कब्जे से 2.580 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी की पहचान मंटू कुमार महतो (29 वर्ष) निवासी साकेत विहार, कातुल बोर्ड, थाना मोहन नगर, जिला दुर्ग के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 364/2026 के तहत धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। इसके बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में मादक पदार्थों की अवैध बिक्री और तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे कारोबार में संलिप्त लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
0

