रायपुर, 13 जून (आरएनएस)। शहर में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के लिए नगर निगम ने गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। जोन-5 स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जनशिकायत मिलने के बाद औचक निरीक्षण कर 10 दुकानदारों और ठेला संचालकों पर कुल 8800 रुपये का ई-जुर्माना लगाया।
नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. तृप्ति पाणीग्रही और जोन कमिश्नर खीरसागर नायक के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। निरीक्षण के दौरान जी.ई. रोड स्थित स्वामी विवेकानंद आश्रम चौक के पास गंदगी फैलाने की शिकायत सही पाए जाने पर इंडियन बिरयानी और फिरोज बिरयानी के संचालकों पर 500-500 रुपये का ई-जुर्माना लगाया गया। वहीं लाखेनगर चौक के समीप स्थित चिराग प्लास्टिक दुकान में गंदगी मिलने पर संचालक पर 5000 रुपये का जुर्माना ठोका गया। इसके अलावा क्षेत्र में संचालित सात ठेला व्यवसायियों को भी स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करते पाए जाने पर कुल 2800 रुपये का ई-जुर्माना किया गया। निगम अधिकारियों ने सभी संबंधितों को भविष्य में स्वच्छता नियमों का पालन करने की सख्त चेतावनी दी। नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। जनशिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए स्वच्छ और साफ-सुथरा शहर बनाने के लिए नियमित निरीक्षण किए जाएंगे। इस कार्रवाई के दौरान जोन स्वास्थ्य अधिकारी संदीप वर्मा, स्वच्छता निरीक्षक दिलीप साहू, प्रेम मानिकपुरी और दिलीप भारती सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम मौजूद रही।
बंछोर
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

