New Delhi 13 June (Rns) /- दुनियाभर में जारी उथल-पुथल, ईरान-इजरायल संघर्ष और वैश्विक आर्थिक चुनौतियों के बीच कानपुर से देशप्रेम और प्रधानमंत्री के प्रति अगाध श्रद्धा की एक अनोखी मिसाल सामने आई है। कानपुर के एक युवा छात्र आशुतोष यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बेहद भावुक पत्र लिखकर वैश्विक संकट के इस दौर में उनके नेतृत्व के प्रति देश के आम नागरिक के अटूट विश्वास को प्रकट किया है। आशुतोष ने लिखा है कि देश की गरिमा और आपकी सुरक्षा सर्वोपरि है। इसके लिए हम हर तरह की कमी और मुश्किलें बर्दाश्त करने को तैयार हैं, लेकिन आपकी सुरक्षा में रत्ती भर भी समझौता स्वीकार नहीं करेंगे।
दरअसल, कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में यह दावा किया गया था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद की सुरक्षा व्यवस्था पर होने वाले भारी-भरकम खर्चों में कटौती करने का विचार कर रहे हैं। इस खबर से चिंतित होकर कानपुर के आशुतोष यादव ने पीएम को सीधे पत्र भेज दिया। छात्र ने लिखा कि प्रधानमंत्री की सादगी, त्याग और मितव्ययिता की भावना पूरे देश के लिए प्रेरणादायक है, लेकिन वर्तमान वैश्विक माहौल को देखते हुए उनकी सुरक्षा देशहित में सबसे ज्यादा जरूरी है। आशुतोष ने लिखा कि….आप सिर्फ एक जन-प्रतिनिधि नहीं हैं, बल्कि करोड़ों भारतीयों की उम्मीद, आस्था और प्रेरणा का प्रतीक हैं। आप इस देश की अमूल्य धरोहर हैं।

