रायगढ़, 13 जून (आरएनएस)। जिले में अपराध नियंत्रण, लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण और प्रभावी पुलिसिंग को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने शुक्रवार को पुलिस नियंत्रण कक्ष में मासिक अपराध समीक्षा बैठक ली। बैठक में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना एवं चौकी प्रभारी, शाखा प्रभारी तथा प्रशिक्षणरत उप निरीक्षक उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान एसएसपी ने आगामी जिला निरीक्षण की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी अधिकारियों को अभिलेखों, व्यवस्थाओं और कार्यालयों को अद्यतन एवं सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। इसके बाद जिले में दर्ज नए अपराधों, गंभीर मामलों और लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की गई। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण विवेचना और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
जिले में बढ़ रही बाइक चोरी की घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए एसएसपी ने विशेष रणनीति के तहत कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुराने वाहन चोरों पर निगरानी बढ़ाने, तकनीकी संसाधनों का प्रभावी उपयोग करने तथा अवैध कबाड़ कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा।
फरार आरोपियों और स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान को और प्रभावी बनाने के निर्देश देते हुए एसएसपी ने थाना प्रभारियों से कहा कि आवश्यकता पडऩे पर अन्य जिलों और राज्यों में भी पुलिस टीम भेजी जाए। उन्होंने ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत अधिक से अधिक फरार अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने पर बल दिया।
महिला संबंधी अपराधों की समीक्षा करते हुए एसएसपी ने महिला थाना की कार्यप्रणाली की सराहना की और स्पष्ट किया कि महिला अपराधों के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। ऐसे मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करते हुए निर्धारित समय सीमा में अभियोग पत्र न्यायालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में थाना प्रभारियों को बीट आरक्षकों से नियमित फीडबैक लेने, बाजार क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाने तथा माइनर एक्ट के तहत अधिक से अधिक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। एसएसपी ने कहा कि अपराधियों की सतत निगरानी और प्रभावी कार्रवाई से अपराधों पर नियंत्रण स्थापित किया जा सकता है। उन्होंने ऑपरेशन आघात के तहत अवैध शराब और गांजा के खिलाफ लगातार अभियान जारी रखने के निर्देश दिए।
यातायात व्यवस्था की समीक्षा के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था को और अधिक सुगम एवं व्यवस्थित बनाने पर जोर दिया गया। वहीं नए आपराधिक कानूनों के तहत थानों में आवश्यक रजिस्टरों के सही संधारण और तकनीकी संसाधनों के उपयोग की भी समीक्षा की गई।
प्रशिक्षु उप निरीक्षकों को संबोधित करते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि प्रभावी पुलिसिंग का आधार सक्रिय निगरानी, त्वरित कार्रवाई और जवाबदेही है। उन्होंने प्रशिक्षुओं को व्यवहारिक अनुभव प्राप्त करने तथा थाना स्तर की प्रत्येक कार्रवाई को गंभीरता से सीखने की सलाह दी।
०


