राज्य की खुशहाली के लिए की विशेष पूजा
श्रमिक बंधु संवाददाता धर्मेन्द्र महतो
तमाड़ 13 June (Rns) । झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शनिवार को अपनी पत्नी कल्पना सोरेन के साथ तमाड़ स्थित प्रसिद्ध दिऊड़ी मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने विधि-विधान के साथ मां दिऊड़ी की पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
मुख्यमंत्री के मंदिर पहुंचने को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। रांची जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी पूरे कार्यक्रम के दौरान मौजूद रहे। मंदिर पहुंचने पर मुख्यमंत्री और उनकी पत्नी का मंदिर समिति के सदस्यों ने स्वागत किया, जिसके बाद दोनों ने मां दिऊड़ी के दरबार में मत्था टेककर विशेष पूजा-अर्चना की।
पूजा के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि दिऊड़ी मंदिर की महत्ता पूरे देश में है। उन्होंने कहा कि मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारा और सरना स्थल जैसे आस्था केंद्र समाज को जोड़ने और मानव सभ्यता को संस्कारित रखने का काम करते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि वे पहले भी कई बार दिऊड़ी मंदिर आ चुके हैं और आगे भी यहां आते रहेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोग अपनी श्रद्धा और विश्वास के साथ विभिन्न पूजा स्थलों में पहुंचते हैं और यही आस्था समाज को एक सूत्र में बांधने का कार्य करती है।
पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री ने मंदिर के समीप स्थित पड़ाव रेस्टोरेंट में भोजन भी किया। इस दौरान रांची उपायुक्त, रांची एसएसपी, ग्रामीण एसपी, सिटी एसपी, बुंडू एसडीएम, बुंडू डीएसपी समेत कई प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री का यह दौरा पूरी तरह शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ और मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं के बीच उनके आगमन को लेकर उत्साह देखने को मिला

