मुंगेली, 14 जून (आरएनएस)। मुंगेली पुलिस ने ऑपरेशन बाज के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए खुडिय़ा जंगल में चल रहे जुआ फड़ पर छापा मारकर 9 जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नकदी, मोबाइल फोन, मोटरसाइकिल और ताश पत्तों सहित कुल 7 लाख 33 हजार 500 रुपये की संपत्ति जब्त की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देश पर जिले में असामाजिक तत्वों और जुआ गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा एवं उप पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह के मार्गदर्शन में साइबर सेल और चौकी खुडिय़ा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की।
पुलिस को सूचना मिली थी कि थाना लोरमी क्षेत्र के ग्राम झिरिया महुआमाचा स्थित जंगल में कुछ लोग रुपये-पैसों की हार-जीत का दांव लगाकर काटपत्ती नामक जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और मुंगेली, बिलासपुर तथा कबीरधाम जिलों के 9 जुआरियों को जुआ खेलते हुए पकड़ लिया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने जुआ फड़ और आरोपियों के कब्जे से 53,500 रुपये नकद, 52 पत्ती ताश, 8 मोबाइल फोन (कीमत लगभग 2.40 लाख रुपये) तथा 9 मोटरसाइकिल (कीमत लगभग 4.40 लाख रुपये) जब्त किए। कुल जब्ती की कीमत 7.33 लाख रुपये से अधिक बताई गई है।
सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। साथ ही उनके विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए बीएनएसएस की संबंधित धाराओं के तहत न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार जिले में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और जुआ, सट्टा तथा अन्य असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई में साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक सतेन्द्रपुरी गोस्वामी, चौकी खुडिय़ा प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक माधव टांडिया तथा साइबर सेल एवं चौकी स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
0

