रायगढ़,14 जून (आरएनएस)। रायगढ़ पुलिस ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा और हवाला नेटवर्क के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी आकाश पंसारी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को सक्ती से पकड़कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में साइबर थाना टीम लगातार ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा नेटवर्क की जांच कर रही है। जांच के दौरान सामने आया कि सक्ती निवासी आकाश पंसारी कथित रूप से करण चौधरी गैंग के नेटवर्क से जुड़ा हुआ था और ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालन के साथ-साथ हवाला के जरिए रकम के लेनदेन में सक्रिय भूमिका निभा रहा था।पुलिस के अनुसार, थाना कोतवाली के अपराध क्रमांक 217/2026 एवं 218/2026 की विवेचना के दौरान आकाश पंसारी की संलिप्तता के तकनीकी और वित्तीय साक्ष्य मिले थे। इसके बाद से वह फरार चल रहा था। मुखबिर सूचना और तकनीकी इनपुट के आधार पर साइबर थाना की टीम ने सक्ती में दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया।पूछताछ में आरोपी के ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा नेटवर्क से जुड़े होने के संकेत मिले हैं। पुलिस ने उसके कब्जे से एक आईफोन और एक वीवो मोबाइल फोन जब्त किया है, जिनकी जांच की जा रही है।पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि रायगढ़ से लेकर रायपुर, बिलासपुर, सक्ती और दिल्ली तक फैला एक संगठित सट्टा नेटवर्क सक्रिय था। आरोप है कि सट्टे से प्राप्त रकम को विभिन्न व्यावसायिक माध्यमों से कैश डंप कर हवाला चैनलों के जरिए आगे स्थानांतरित किया जाता था। जांच एजेंसियां डिजिटल ट्रेल, चैट रिकॉर्ड, कॉल डिटेल, यूपीआई ट्रांजेक्शन और वित्तीय दस्तावेजों के आधार पर पूरे नेटवर्क की परत-दर-परत जांच कर रही हैं।इससे पहले अप्रैल में पुलिस ने ऑनलाइन आईपीएल सट्टा नेटवर्क पर कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया था और मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण तथा नगदी जब्त की थी। वहीं कृष्णा प्राइड टॉवर में की गई छापेमारी में एक करोड़ रुपये से अधिक की नगदी भी बरामद की गई थी।एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा है कि ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा, हवाला और आर्थिक अपराध से जुड़े संगठित नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी तथा अपराध से जुड़े हर व्यक्ति को कानून के दायरे में लाया जाएगा।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

