अंबिकापुर, 14 जून (आरएनएस)। सरगुजा जिले के थाना गांधीनगर पुलिस ने गैंगरेप के एक गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। आरोपियों पर पीडि़ता को डरा-धमकाकर जबरन दुष्कर्म करने और उसे बंधक बनाकर रखने का आरोप है।
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देशन में जिले में दर्ज गंभीर अपराधों के आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार पीडि़ता ने थाना गांधीनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 27 मई 2026 की रात करीब 8 बजे दो आरोपियों ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया।
शिकायत के मुताबिक, एक आरोपी ने पीडि़ता के हाथ-पांव पकड़ लिए, जबकि दूसरे आरोपी ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपियों ने पीडि़ता को जान से मारने की धमकी देते हुए घर में बंधक बनाकर रखा। किसी तरह वहां से निकलने के बाद पीडि़ता ने अपने परिचितों को घटना की जानकारी दी और थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान आरोपियों की तलाश कर उन्हें हिरासत में लिया गया। पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में रितिक विश्वास (21 वर्ष) निवासी सिल्फिली बंगालीपारा, थाना जयनगर, जिला सूरजपुर तथा गुरविंदर सिंह (26 वर्ष) निवासी डिगमा, थाना गांधीनगर, जिला सरगुजा शामिल हैं।
मामले के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी में थाना गांधीनगर प्रभारी निरीक्षक प्रवीण द्विवेदी सहित आरक्षक अरविंद उपाध्याय, ऋषभ सिंह और अमृत सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

