रायपुर, 14 जून (आरएनएस)। राजधानी रायपुर के खम्हारडीह क्षेत्र में पेयजल समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने नगरोत्थान योजना के तहत 20.92 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 2500 किलोलीटर क्षमता के नवीन जलागार और पाइपलाइन विस्तार कार्य का भूमिपूजन किया। रिमझिम बारिश के बीच आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
इस परियोजना के तहत 25 मीटर ऊंचे जलागार का निर्माण किया जाएगा। साथ ही दो किलोमीटर राइजिंग मेन पाइपलाइन और लगभग 25 किलोमीटर वितरण पाइपलाइन बिछाई जाएगी। परियोजना पूरी होने के बाद वार्ड क्रमांक 9, 10, 30 और 31 के करीब 2500 घरों को नए घरेलू नल कनेक्शन उपलब्ध कराए जाएंगे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि नागरिकों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि रायपुर शहर की जल समस्याओं के समाधान के लिए राज्य सरकार ने नगरोत्थान योजना के तहत नगर निगम रायपुर को 432 करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध कराई है। उन्होंने कहा कि राजधानी में आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा ने की। उन्होंने कहा कि खम्हारडीह क्षेत्र में नया जलागार निर्माण कराने का जो वादा किया गया था, वह अब पूरा हो रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि परियोजना पूरी होने के बाद क्षेत्र के लोगों को पानी की कमी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
महापौर मीनल चौबे ने कहा कि खम्हारडीह क्षेत्र के लिए यह ऐतिहासिक दिन है। वर्षों से चली आ रही जल समस्या के स्थायी समाधान का मार्ग प्रशस्त हुआ है। उन्होंने बताया कि दो वर्षों के भीतर जलागार निर्माण और पाइपलाइन विस्तार का कार्य पूरा होने के बाद लोगों को नियमित रूप से नदी का शुद्ध पेयजल उपलब्ध होगा।
कार्यक्रम में रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी, छत्तीसगढ़ राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, जल कार्य विभाग अध्यक्ष संतोष सीमा साहू, जोन-3 अध्यक्ष साधना प्रमोद साहू, पार्षद पुष्पा रोहित साहू, भाजपा शहर अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री अरुण साव, विधायक पुरंदर मिश्रा और महापौर मीनल चौबे ने मां के नाम एक पेड़ अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। अधिकारियों के अनुसार यह परियोजना खम्हारडीह और आसपास के क्षेत्रों में जलापूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ भविष्य की जरूरतों को भी पूरा करेगी।
०




