रायपुर, 14 जून (आरएनएस)। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे बहुआयामी अभियान के तहत रायपुर कमिश्नरेट पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मादक पदार्थ तस्करी के मामले में दोषसिद्ध आरोपी रूपिन्दर सिंह उर्फ पिन्दर उर्फ पाबलो की करीब 15 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति को SAFEMA/NDPS Act के तहत फ्रीज (सीज) कर दिया गया है।
भारत सरकार के वित्त मंत्रालय (राजस्व विभाग) के अधीन SAFEMA/NDPS Act के सक्षम प्राधिकारी एवं प्रशासक, मुंबई ने आरोपी की चल संपत्तियों को एनडीपीएस अधिनियम की धारा 68 एफ (2) के तहत फ्रीज करने के आदेश की पुष्टि की है।
पुलिस के अनुसार रूपिन्दर सिंह उर्फ पिन्दर उर्फ पाबलो (24 वर्ष), मूल निवासी जिला तरणतारण (पंजाब) तथा वर्तमान निवासी वीर सावरकर नगर, हीरापुर, रायपुर के विरुद्ध थाना कबीर नगर में एनडीपीएस एक्ट, बीएनएस एवं आम्र्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया था। विशेष एनडीपीएस न्यायालय रायपुर ने आरोपी को दोषी ठहराते हुए एक वर्ष के सश्रम कारावास एवं जुर्माने की सजा सुनाई थी।
दोषसिद्धि के बाद रायपुर पुलिस ने आरोपी की वित्तीय जांच शुरू की। जांच में आरोपी के नाम पर पंजीकृत दो चारपहिया वाहन—एक शेवरले क्रूज कार (अनुमानित कीमत 5 लाख रुपये) और एक महिन्द्रा थार (अनुमानित कीमत 10 लाख रुपये)—पाए गए। कुल 15 लाख रुपये मूल्य की इन संपत्तियों के संबंध में उपलब्ध आय स्रोत और वित्तीय दस्तावेज संतोषजनक नहीं पाए गए। पुलिस को संदेह हुआ कि इनका अर्जन मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से प्राप्त धनराशि से किया गया है।
विस्तृत वित्तीय जांच और दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर प्रकरणSAFEMA/NDPS Act के सक्षम प्राधिकारी, मुंबई को भेजा गया। सुनवाई के दौरान आरोपी और उसके परिजनों को संपत्तियों के वैध स्रोत का प्रमाण प्रस्तुत करने का अवसर दिया गया, लेकिन वे संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इसके बाद 5 जून 2026 को सक्षम प्राधिकारी ने दोनों वाहनों को फ्रीज करने के आदेश की पुष्टि कर दी।
आदेश के अनुसार अब इन वाहनों को बिना अनुमति न तो बेचा जा सकेगा और न ही किसी अन्य व्यक्ति को हस्तांतरित किया जा सकेगा। यदि भविष्य में भी संपत्तियों का वैध स्रोत सिद्ध नहीं हो पाता है, तो नियमानुसार इन्हें स्थायी रूप से जब्त कर शासन के पक्ष में समाहित किया जा सकता है।
रायपुर पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि नशे के खिलाफ अभियान के तहत केवल तस्करों की गिरफ्तारी ही नहीं, बल्कि उनके अवैध आर्थिक नेटवर्क और संपत्तियों पर भी लगातार कार्रवाई की जा रही है। एनडीपीएस मामलों में वित्तीय जांच, संपत्ति कुर्की, PIT&NDPS के तहत निरोधात्मक कार्रवाई और नशे की आपूर्ति श्रृंखला को ध्वस्त करने के प्रयास लगातार जारी हैं।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

