महासमुंद, 14 जून (आरएनएस)। जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बसना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वार्ड क्रमांक-1 स्थित एक घर में संचालित अवैध महुआ शराब निर्माण केंद्र का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान 200 लीटर महुआ शराब, शराब बनाने के उपकरण, गैस सिलेंडर और अन्य सामग्री जब्त कर एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बसना के वार्ड नंबर-1 स्थित एक मकान में अवैध रूप से महुआ शराब बनाई और बेची जा रही है। सूचना के आधार पर थाना बसना पुलिस ने टीम गठित कर संदिग्ध सान्ताबाई मधुकर (40 वर्ष) के घर पर दबिश दी।
छापेमारी के दौरान पुलिस को घर के आंगन में बड़ी मात्रा में बिक्री के लिए रखी गई महुआ शराब तथा शराब निर्माण में उपयोग किए जाने वाले बर्तन, गैस सिलेंडर और गैस चूल्हा मिला। पुलिस ने मौके से 200 लीटर महुआ शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 40 हजार रुपये है, जब्त कर ली।
कार्रवाई के दौरान पुलिस को 27 बड़े प्लास्टिक ड्रमों में भरा हुआ महुआ लाहन भी मिला। जांच में पता चला कि इससे आने वाले दिनों में भारी मात्रा में महुआ शराब तैयार कर बाजार में खपाने की योजना थी। पुलिस ने मौके पर ही पूरे लाहन को नष्ट कर दिया।
गिरफ्तार आरोपी सान्ताबाई मधुकर, निवासी वार्ड नंबर-1 बसना के खिलाफ थाना बसना में धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 200 लीटर महुआ शराब, दो एलपीजी सिलेंडर, एक गैस स्टोव तथा शराब निर्माण में प्रयुक्त बर्तन जब्त किए हैं। जब्त संपत्ति का कुल मूल्य करीब 68 हजार रुपये आंका गया है।
महासमुंद पुलिस ने कहा है कि जिले में अवैध शराब निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

