बलौदाबाजार-भाटापारा,14 जून (आरएनएस) । नशामुक्त समाज के निर्माण और सामाजिक बुराइयों के खिलाफ जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से चौकी गिरौदपुरी पुलिस और महिला कमाण्डो ने ग्राम दर्रा में संयुक्त रूप से भव्य नशामुक्ति रैली का आयोजन किया। पुलिस अधीक्षक श्री ओ.पी. शर्मा के निर्देशन में रविवार शाम आयोजित इस अभियान में महिला कमाण्डो और पुलिस जवानों ने गांव की गलियों में भ्रमण कर लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया।नशा भगाओ, जीवन बचाओ के नारों से गूंजती रैली के दौरान ग्रामीणों को बताया गया कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और समाज के लिए गंभीर खतरा है। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाया कि नशे की लत कई परिवारों को बर्बाद कर देती है और अपराधों को भी बढ़ावा देती है।रैली के समापन पर गिरौदपुरी पुलिस स्टाफ ने ग्रामीणों और युवाओं को संबोधित करते हुए नशे से दूर रहने तथा अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि समाज को नशामुक्त बनाने के लिए जनसहभागिता और जागरूकता सबसे प्रभावी माध्यम हैं।इस अभियान में ग्राम दर्रा की महिला कमाण्डो की भूमिका विशेष रूप से सराहनीय रही। महिलाओं ने पूरे उत्साह और एकजुटता के साथ रैली का नेतृत्व कर महिला सशक्तिकरण की प्रभावशाली मिसाल पेश की। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रबुद्ध नागरिकों ने पुलिस एवं महिला कमाण्डो की इस पहल की मुक्त कंठ से प्रशंसा की।अभियान में गिरौदपुरी पुलिस चौकी का स्टाफ, महिला कमाण्डो टीम तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। पुलिस और जनता के सहयोग से चलाया गया यह अभियान क्षेत्र में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

