पालनाडु (आंध्र प्रदेश),14 जून(आरएनएस)। पालनाडु जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है. यहां के कोनूर इलाके में कृष्णा नदी में एक नाव पलटने से बड़ा हादसा हो गया. हादसे में चार लोगों की डूबने से मौत हो गई. मरने वालों में तीन बच्चे शामिल थे. सभी मरने वाले एक ही परिवार के थे. स दर्दनाक घटना के बाद से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है.
मिली जानकारी के मुताबिक, कोनूर में गंधम गंगैया के घर एक शुभ कार्यक्रम था. जिसमें उनके परिवार के सदस्य और रिश्तेदार शामिल होने के लिए आए हुए थे. गंगैया का बेटा, बेटी और अन्य लोग नदी में सैर के लिए नाव से गये हुए थे. नाव पर कुल 10 लोग सवार थे. नदी में कुछ दूर जाने के बाद, वापस लौटते समय नाव पलट गयी.
नाव के डूबने पर चीख-पुकार मच गयी. शोर सुनकर आस-पास के स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे. उन्होंने मुस्तैदी दिखाते हुए नदी में डूब रहे 6 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. चार लोग गहरे पानी में चले गये. बाद में उनके शव बरामद किये गये. मरने वालों की पहचान गंधम संध्या (9), गंधम सैनी (10), बथुला कार्तिक (12), और कोनाटा चैतन्य (28) के रूप में हुई है.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची. चारों शव नदी से बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया. जिस घर में कुछ घंटों पहले तक अपनों की खिलखिलाहट थी और बच्चों की चहल-पहल से रौनक लगी थी, वहां अब सिर्फ पथराई आंखें थीं. पलभर के इस हादसे ने उस घर की खुशियों को मातम में बदल दिया.
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

